GOVT OF INDIA RNI NO. 6859/61
  • Contact
  • E-Paper
  • Magzine
  • Photo Galery
  • Login
Bharat Darshan Logo
Bharat Darshan Founder
Breaking News:

    CHANDIGARH

    हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस पर सीएम नायब सिंह सैनी के ऐलान

    (Mukhi Deepak Kathuria) www.bharatdarshannews.com

    हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस पर सीएम नायब सिंह सैनी के ऐलान

    Bharat Darshan Chandigarh News, 01 November 2025 : 60वें स्थापना दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश को सशक्त, आधुनिक और पारदर्शी हरियाणा की दिशा में कई नई सौगातें दीं। शनिवार को यहां हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि आज का दिन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और नवसंकल्प का दिन है। 1966 में जिस हरियाणा का जन्म ‘किसान और जवान’ की धरती के रूप में हुआ, आज वह राज्य तकनीक, पारदर्शिता और सामाजिक कल्याण के नए अध्याय लिख रहा है।

    सीएम सैनी ने इस अवसर पर महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को समर्पित दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की प्रगति रिपोर्ट साझा की। पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली को पूरे प्रदेश में लागू किया और हरियाणा दिवस को तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट है - विकास में समान भागीदारी, शासन में पारदर्शिता और समाज में संवेदनशीलता।

    हरियाणा के गठन दिवस पर मुख्यमंत्री ने राज्य को ‘सशक्त हरियाणा’ की नई दिशा देने का संदेश दिया। 1966 में अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आए हरियाणा ने आज 60 साल पूरे कर लिए। इस अवसर पर सीएम ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव छह दशकों की श्रम, साधना और सफलताओं की कहानी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता महिलाओं, किसानों और युवाओं के उत्थान की है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सामाजिक न्याय और डिजिटल पारदर्शिता दोनों को समान रूप से आगे बढ़ा रही है।

    सीएम ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के 109वें जन्मदिवस पर शुरू की गई ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ ने हरियाणा की महिलाओं को नई आर्थिक ताकत दी है। 31 अक्टूबर तक 6 लाख 98 हजार 342 महिलाओं ने इस योजना में आवेदन किया। इनमें से जांच उपरांत 5 लाख 22 हजार 162 महिलाएं पात्र पाई गईं। सीएम सैनी ने बटन दबाकर इन सभी पात्र महिलाओं के खातों में 2100 की राशि सीधे हस्तांतरित की। योजना का लाभ 23 वर्ष या इससे अधिक आयु की वे महिलाएं ले सकती हैं, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 1 लाख रुपए से कम है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी है।

    मुख्यमंत्री ने इसी अवसर पर पूरे राज्य में पेपरलेस रजिस्ट्री सिस्टम को भी लॉन्च किया। इस पहल के तहत 29 सितंबर से 31 अक्टूबर तक कुल 917 रजिस्ट्री पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि दशकों से चली आ रही जटिल प्रक्रिया से अब आमजन को मुक्ति मिलेगी। सीएम ने कहा कि यह पहल न केवल सुविधा बढ़ाएगी बल्कि भ्रष्टाचार और देरी जैसी समस्याओं को भी समाप्त करेगी।

    सीएम सैनी ने घोषणा की कि इस बार हरियाणा दिवस को तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इसमें हरियाणा की लोक कला, संस्कृति और छह दशकों की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज से गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस पर राज्यभर में श्रद्धा और आदर्शों के प्रति समर्पण भाव से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

    सीएम ने कहा कि कुछ ही सप्ताह पहले उनकी सरकार ने जनसेवा के 11 वर्ष पूरे किए हैं। हमारी डबल इंजन सरकार हरियाणा को इनोवेशन, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंक्लूसिव ग्रोथ के मार्ग पर ले जा रही है। हमने संकल्प पत्र के 217 में से 47 वादों को एक साल में पूरा किया और 158 पर काम चल रहा है।