अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन : जम्मू से 1786 तीर्थयात्री रवाना
(Kiran Kathuria) www.bharatdarshannews.com Monday,18 July , 2016)
Jammu News, 18 July 2016 : घाटी में हालात बिगड़ने के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच सोमवार को 1786 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर के हिमालयी क्षेत्र में स्थित अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जम्मू आधार शिविर से आज सुबह 1786 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था 53 से अधिक वाहनों से पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन के लिए कश्मीर की ओर रवाना हुआ। इनमें 1388 पुरुष, 347 महिलाएं और 51 साधु शामिल हैं।’ यात्रा शनिवार को दोबारा शुरू हुई थी। हिज्बुल मुजाहिदीन के आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद घाटी में हिंसक प्रदर्शनों के चलते नौ जुलाई को पहली बार यात्रा स्थगित कर दी गयी थी। पांच दिन बाद इसे दोबारा स्थगित करना पड़ा। सुरक्षा बलों ने गत आठ जुलाई को दक्षिण कश्मीर में मुठभेड़ में वानी को मार गिराया था जिसके बाद कश्मीर घाटी में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। संघर्ष में कई लोग मारे जा चुके हैं।कल 4510 यात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किये। अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद से 1,72,851 तीर्थयात्री अब तक दर्शन कर चुके हैं।
अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन : जम्मू से 1786 तीर्थयात्री रवाना